क्रिसमस और नव वर्ष पर बिना लाइसेंस शराब पार्टी का आयोजन करने वाले होटलों और आयोजकों की अब खैर नहीं है। जिला प्रशासन ने ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए छह टीमों का गठन किया है, जो तहसीलवार क्रिसमस एवं नववर्ष पर अवैध एवं नकली शराब बनाने एवं बेचने तथा तस्करी पर नकेल लगाएंगी। साथ ही संबंधित लोगों और होटलों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।
जिला प्रशासन का यह अभियान पांच जनवरी तक चलेगा, जिसमें अवैध मदिरा के परिवहन, निर्माण एवं बिकी पर अंकुश लगाने का कार्य किया जाएगा। यह जानकारी जिला आबकारी अधिकारी अनुपम राजन ने दी। उन्होंने बताया कि सदर तहसील क्षेत्र में सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम सदर, सीओ सिटी व सदर के अतिरक्त आबकारी निरीक्षक दो, बैरिया तहसील क्षेत्र में अपजिलाधिकारी बैरिया व सीओ बैरिया और आबकारी निरीक्षक तीन, रसड़ा तहसील क्षेत्र में उपजिलाधिकारी रसड़ा, क्षेत्राधिकारी रसड़ा और आबकारी निरीक्षक दो, बेल्थरारोड तहसील क्षेत्र में एसडीएम बेल्थरारोड़, सीओ रसड़ा और आबकारी निरीक्षक पांच, बांसडीह तहसील क्षेत्र में एसडीएम बांसडीह, सीओ बांसडीह एवं आबकारी निरीक्षक तीन तथा सिकंदरपुर तहसील में एसडीएम सिकंदरपुर, सीओ सिकंदरपुर और आबकारी निरीक्षक छह अपने सहयोगियों के साथ अभियान के तहत कार्रवाई करेंगे।