दुबहड़ में असलहा बरामदगी के दौरान मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस की कार्रवाई में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
बलिया जिले के दुबहड़ थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में गिरफ्तार आरोपित सत्यपाल उर्फ अश्वनी कुमार सोमवार तड़के असलहा बरामदगी के दौरान पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, दो खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
विज्ञापन
क्या है पूरा मामला
सीओ सिटी सतीश शर्मा ने बताया कि दुबहड़ थाने में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में वांछित सत्यपाल उर्फ अश्वनी कुमार (26) पुत्र विशाल पासी निवासी सिहोरी, थाना नंदगंज, गाजीपुर को सोमवार को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उसने 28 अक्तूबर को चंदवक गांव के बाहर वादी पर जान से मारने की नीयत से फायर करने की बात बताई। इसके बाद वह अपने साथी सचिन और विवेक उर्फ अशोक के साथ फरार हो गया था।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित की निशानदेही पर असलहा बरामद करने के लिए टीम उसे धरनीपुर मोड़ के पास ले गई थी। सोमवार सुबह आरोपित ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट ने साक्ष्य संकलित किए। पुलिस के अनुसार, आरोपित के खिलाफ करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।