फेफना। फेफना पुलिस ने सोमवार को घेराबंदी कर चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस मामले में एक आरोपी राजू को गिरफ्तार किया है। जबकि तीन किशोरों को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है।
थाना प्रभारी विश्वदीप सिंह ने बताया कि सूचना मिली कि बघेजी गांव के पास झाड़ियों में कुछ लोग संदिग्ध बाइकों के साथ मौजूद हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर चार को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर वहां से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि ये सभी बाइकें फेफना और गड़वार क्षेत्रों से चोरी की गई थीं। गिरोह इन बाइकों को बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था। आरोपियों में तीन बाल अपचारी हैं। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह के तार और किन-किन क्षेत्रों से जुड़े हैं।