बलिया। जिले में नामांकन के साथ ही प्रत्याशियों के चुनाव खर्च का मीटर शुरू हो गया है। जनसभा में मेज कुर्सी से लेकर, प्रति व्यक्ति भोजन, चाय, समोसा से लेकर माइक, दरी और डंडा, झंडा, बैनर की कीमतें तय कर दी गई हैं। इन सबका खर्च प्रत्याशी के खर्च में जोड़ा जाएगा।
निर्वाचन आयोग ने विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी के लिए अधिकतम खर्च की सीमा 40 लाख रुपये तय की है। चुनाव में प्रयोग होने वाले सामानों की दरें भी तय हैं। जिन्हें प्रतिदिन प्रत्याशी द्वारा रजिस्टर में भरा जाएगा। व्यय प्रेक्षक खर्च की जांच करेंगे। खर्च का ब्योरा प्रत्याशी को जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध कराना होगा। एक चाय की कीमत दस रुपये होगी। एक समोसा दस रुपये, दरी का एक दिन का किराया 12 रुपये होगा। कुर्सी का किराया रोज सात रुपये, एक दर्जन टोपियों का खर्च 70 रुपये जोड़ा जाएगा। चुनाव प्रचार में इस्तेमाल होने वाले लाउडस्पीकर का किराया 1900 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से प्रत्याशी के खर्च में जोड़ा जाएगा। होटल में रुकने के लिए कमरे का किराया 1100 से 1800 रुपये तक होगा।