महर्षि भृगु के शिष्य दर्दर मुनि के तपोस्थली में लगने वाला नंदी ग्राम मेला अब धीरे-धीरे रंग पकड़ने लगा है। मेले में जिले के साथ ही गैर जनपदों से भी बछड़े तथा दुधारू नस्ल के पशु आने लगे हैं। वहीं बिहार से पशु व्यापारियों का आना भी शुरू हो गया है। अब तक करीब छह सौ मवेशी मेले में आ चुके है। हालांकि छठ के बाद ही ददरी मेला पूरे शवाब पर आएगा।
मेले में पशुओं के आवक से अब नगर पालिका की आमदनी भी बढ़ने लगी है। हालांकि नंदी ग्राम पशु मेले में विधिवत शुभारंभ आठ नवंबर को होना है। धनतेरस के बाद लगने वाले नंदी ग्राम पशु मेले में नंदी ग्राम थाना भी बनकर तैयार हो चुका है। नपा कर्मचारियों की माने तो छह सौ से अधिक मवेशियों का पंजीकरण हो चुका है।
सुरक्षा के मद़देनजर पुलिस अधीक्षक वैभव कृष्ण के निर्देश पर नंदी ग्राम मेला प्रभारी विवेक पांडेय के नेतृत्व में 70 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जो मेले की हर गतिविधि पर नजर गड़ाए हुए है। धीरे-धीरे नंदी ग्राम गुलजार होने से खरीददारों के भी आवक तेज हो गया। वहीं नपा की ओर से पेयजल के लिए जगह-जगह हैंडपंप भी लगवाए गए हैं।