जयप्रकाश नगर (बलिया)। बैरिया थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग 31 स्थित यादव नगर बस्ती के सामने मंगलवार की दोपहर ट्रक के सामने कूद कर साइकिल सवार युवक ने अपनी ईहलीला समाप्त कर लिया। सूचना पर पहुंचे चांददीयर पुलिस चौकी प्रभारी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं ट्रक को पकड़ थाने लाए।
बताया जाता है कि राष्ट्रीय राजमार्ग 31 बैरिया मांझी मार्ग पर स्थित यादव नगर बस्ती के सामने एक साइकिल खड़ा करके एक युवक सड़क के दक्षिणी तरफ बैठा हुआ था। इसीबीच एक खाली ट्रक मांझी से बैरिया की तरफ आ रहा था तभी युवक अचानक उठा और ट्रक के पिछले चक्के के नीचे कूद गया। जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो वह युवक करीब एक घंटे पूर्व से उसी स्थान पर बैठा हुआ था। यह कदम युवक ने क्यों उठाया? यह यक्ष प्रश्न बना हुआ है। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना चांददीयर पुलिस चौकी प्रभारी एसआई सूरज कुमार सिंह को दी। सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी ने शव को कब्जे में लेते हए ट्रक को भी कब्जे में ले लिया। शव के पास से मिले साक्ष्य के आधार पर मृतक की शिनाख्त सारण जनपद के परसा थाना क्षेत्र के बनकेरवा गांव निवासी पप्पू साह (45) पुत्र छठु साह के रूप में की गई।