हल्दी। परसिया गांव के पास बुधवार की रात डंपर और जीप की टक्कर हो गई। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहंुचाया। जहां चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज चल रहा है।
हल्दी थाना क्षेत्र के गंगापुर तेलिया टोला निवासी जितेंद्र पटेल (32) अपनी पत्नी के साथ जीप से गांव जा रहे थे। परसिया ढाले के समीप जीप की डंपर से टक्कर हो गई।
हादसे में आकाश पटेल (13) पुत्र सुनील पटेल निवासी दयाछपरा थाना बैरिया, मेनका पटेल (27) पत्नी उदयशंकर पटेल बैरिया, रामनाथ पटेल (70) निवासी बैरिया, श्रीनिवास मिश्रा (78) निवासी बैरिया घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को ट्रॉमा सेंटर भेजा। चिकित्सकों ने जितेन्द्र को मृत घोषित कर दिया।
जितेंद्र की साली की बलिया शहर के किसी मैरिज हॉल में बुधवार को शादी थी। उसमें शामिल होने के बाद वह पत्नी तथा अन्य रिश्तेदारों के साथ जीप में सवार होकर घर लौट रहा था। इसी बीच रास्ते में सामने से डंपर से जीप की जोरदार टक्कर हो गई। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।