रसड़ा। कोतवाली क्षेत्र के नगरा मार्ग स्थित राघवपुर चट्टी के समीप मंगलवार की रात अनियंत्रित डीसीएम ट्रक ने बाइक सवार दो भाइयों को रौंद दिया। घटना में एक की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं दूसरा बुरी तरह घायल हो गया। जिसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने चालक समेत वाहन को कब्जे में ले लिया तथा मृतक के शव को अंत्य परीक्षण के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।
नगरा के तिवारी नगर निवासी मिठाई लाल जायसवाल का पुत्र रोहित जायसवाल (19) बरेली में इसी साल पालीटेक्निक में दाखिला लेकर पढ़ाई कर रहा था। वह दीपावली तथा छठ पूजा में छुट्टी होने के कारण घर आया था। रोहित मंगलवार की रात साढ़े आठ बजे बरेली जाने के लिए उत्सर्ग एक्सप्रेस को पकड़ने अपने बड़े भाई राहुल (23) के साथ बाइक से रसड़ा रेलवे स्टेशन आ रहा था। इस बीच राघोपुर चट्टी के समीप सामने से आ रहे अनियंत्रित डीसीएम ट्रक ने बाइक में जोरदार धक्का मार दिया। जिससे बाइक चला रहे रोहित की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में बड़ा भाई राहुल बुरी तरह जख्मी हो गया। दुर्घटना के बाद तेज आवाज सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंच गए और घायल को निजी अस्पताल अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना पाते ही कोतवाल जेबी सिंह मौके पर पहुंच गए और भाग रहे ट्रक को पकड़ने के लिए अन्य थानों की पुलिस को सूचना देकर पीछा करने लगे। अंत में पुलिस ने वाहन समेत चालक को दबोच लिया। मृतक के बड़े भाई की तहरीर पर पुलिस ने वाहन चालक आजमगढ़ जिले के कथरा निवासी दशरथ यादव के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर शव को अंत्य परीक्षण के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।