सिकंदरपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के काजीपुर निवासी मीला देवी (40) की पिछले दिनों संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला तूल पकड़ने लगा है। मेडिकल में रिपोर्ट जहरीला पदार्थ सेवन की बात स्थानीय नागरिकों की गले नहीं उतर रहा। वहीं, बृहस्पतिवार को बसपा के जोनल कोआर्डिनेटर गोरखपुर राधेश्याम भारती ने दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ पीडि़त परिजनों से भेंट की और इस मामले की सीबीआई जांच कराने पर आवाज उठाई।
काजीपुर गांव में पिछले दिनों दलित महिला मीला देवी की मौत संदिग्ध हाल में हो गई थी। सुबह जब मृतक महिला को अर्धनगभनावस्था में ग्रामीणों ने देखा तो फौरी तौर पर उन्होंने दबी जुबान से गैंगरेप के बाद हत्या की आशंका जताई। जेठानी ने पुलिस के समक्ष चीख-चीखकर कहा था कि देवरानी के साथ दरिंदों ने बलात्कार किया और फिर उसकी हत्या कर दी। उधर, मेडिकल रिपोर्ट में जहरीला पदार्थ का सेवन ग्रामीणों के गले नहीं उतर रहा। बसपा के जोनल कोआर्डिनेटर गोरखपुर राधेश्याम भारती एवं बसपा जिला समिति के सदस्यों ने पीडि़त परिवार से मिल न्याय तक संघर्ष करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर उन्होंने घटना की सीबीआई जांच आदि की मांग करते हुए आगामी पांच मई को गोरखपुर में होने वाले बसपा कैडरों की बैठक में मामले को उठाने की बात कही। उन्होंने राज्यसभा सदस्य स्वामी प्रसाद मौर्य, युगल किशोर व सांसद रमाशंकर विद्यार्थी के माध्यम से इस घटना को विधानसभा, राज्यसभा व लोकसभा में उठाने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को बसपा किसी भी सूरत में छोड़ने वाली नहीं है और पीडि़त को न्याय दिलाकर ही दम लिया जाएगा। इस मौके पर दिनेश सिंह, बसपा जिलाध्यक्ष संजय राय, पूर्व जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश भारती, सुरेंद्र राम, सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र राजभर, दीनानाथ भास्कर सहित दर्जनों बसपाई मौजूद रहे।