बलिया। जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में एआरटीओ आंजनेय सिंह, सीओ सिटी अरुण कुमार सिंह, यातायात प्रभारी सुरेश चंद्र द्विवेदी ने शुक्रवार को नगर के सभी स्टैंडों पर जाकर एनाउंस कर निर्देशित किया कि नगर में स्थापित सभी वाहन स्टैंड अब नगर के बाहर जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित नए स्टैंड से संचालित होंगे। अगर कोई वाहन स्वामी व चालक आदेश की अवहेलना करता पाया गया तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञात हो कि 27 अक्तूबर 2018 को जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारौत की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा संगोष्ठी व रोड सेफ्टी आयोजित की गई थी। जिसमें जिले के सभी स्कूलों के प्रधानाचार्य, व्यापारी संगठन, ट्रांसपोर्टर व वाहन संचालकों में भाग लिया था। इसमें नगर में आए दिन लग रहे जाम से निजात दिलाने के लिए विस्तार रूप से चर्चा की गई थी। जाम से निजात दिलाने के लिए सर्वसम्मत से निर्णय लिया गया था कि नगर में स्थापित सभी वाहन स्टैंड को नगर से बाहर स्थापित किए जाएं। इसमें नगर के बहेरी वाहन स्टैंड को माल्देपुर मोड़, पीडब्लूडी वाहन स्टैंड को बहादुरपुर पुलिया के आगे, शीश महल स्टैंड को कदम चौराहे से आगे, महुआ वाहन स्टैंड को तिखमपुर स्थित पालीटेक्निक कर दिया जाय।
वहीं ई-रिक्शा को निर्धारित रूट पर ही चलाया जाय। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर एआरटीओ, सीओ सिटी, यातायात प्रभारी नगर के सभी वाहन स्टैंडों पर पहुंच वाहन चालकों से मिलकर निर्देशित किया कि जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित नए वाहन स्टैंड से सवारी वाहन रवाना होंगे। निर्देशित किया कि बहेरी स्टैंड से रसड़ा, चितबड़ागांव, फेफना, भरौली, बक्सर आदि को जाने वाले सवारी वाहन अब शनिवार से माल्देपुर मोड़ से संचालित होंगे। वहीं शीशमहल से हल्दी, रामगढ़, बैरिया आदि को जाने वाले सवारी वाहन अब कदम चौराहा से आगे से संचालित होंगे।
महुआ मोड़ से बांसडीहरोड, सहतवार, रेवती, बांसडीह, मनियर आदि को जाने वाले सवारी वाहन तीखमपुर स्थित पालीटेक्निक स्कूल के पास से रवाना होंगे। वहीं पीडब्लूडी से सुखपुरा, खेजुरी, सिकंदरपुर, बेल्थरारोड आदि को जाने वाले वाहन अब बहादुरपुर पुलिया से आगे संचालित होंगे।
अधिकारी द्वय ने चेताया कि जो भी वाहन स्वामी इसका उलंघन करेंगे, उनके विरूद्घ एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। वहीं ई-रिक्शा निर्धारित रूट से आगे सवारी लेकर नहीं जाएंगे। अगर रिजर्व या मरीज लेकर जाते है तो आगे शीशे पर मरीज या रिजर्व लिखेंगे।