बेल्थरारोड। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के तत्वावधान में सोमवार की शाम जायसवाल धर्मशाला में जीएसटी कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें व्यापारियों को जानकारी दी गई। शुभारंभ विधायक धनंजय कनौजिया एवं उप महानिरीक्षक उदयशंकर जायसवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
विधायक कनौजिया ने कहा कि वस्तु एवं सेवा कर से कारोबारियों को व्यापार करने और ग्राहकों को लेनदेन करने में काफी सहूलियत होगी। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को केंद्र और राज्य सरकार के अधीन विभिन्न विभागों में कर अदायगी कर व्यापार करना पड़ता है। इससे व्यापारियों को श्रम, समय और अर्थ की चपत लगने के साथ ही मानसिक रूप से परेशानी होती थी, लेकिन जीएसटी कर प्रणाली से व्यापारियों को इस संकट से छुटकारा मिलेगा।
पुलिस उपमहानिरीक्षक उदय शंकर जायसवाल ने जीएसटी की खूबियों पर चर्चा की। वाणिज्यकर के सहायक आयुक्त जयंत सिंह ने कहा कि जीएसटी से व्यापारियों को सुविधा होगी। जीएसटी सलाहकार परिषद के सदस्य डा. पवन जायसवाल ने जीएसटी के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यशाला में व्यापारियों ने अधिकारियों से जीएसटी कर प्रणाली के बारे में अनेक सवाल किए। जिस पर अधिकारियों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस मौके पर नगर पंचायत चेयरमैन दिनेश कुमार गुप्त, पूर्व चेयरमैन अनिल कुमार, प्रशांत कुमार मंटू, सुनील कुमार टिंकू, शहीद अनवर लारी ,बैजनाथ प्रसाद साहू ,विनोद कुमार पप्पू ,जय प्रकाश सर्राफ, समेत भारी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे ।