बलिया। शासन ने ग्रामीण क्षेत्रों की आठ सड़कों की विशेष मरम्मत के लिए 3.55 करोड़ की परियोजना को स्वीकृति दी है। ये सड़कें काफी दिनों से बदहाल थीं। ग्रामीणों की ओर से मरम्मत के लिए मांग की जा रही थी। मरम्मत के लिए 2.13 करोड़ की पहली किस्त जारी कर दी गई है।
बरिया तहसील के टीएस बंधा-संसार टोला संपर्क मार्ग, करण छपरा-धतुरी टोली-जोपीनगर संपर्क मार्ग, लालगंज-मुरलीछपरा-जेपीनगर संपर्क मार्ग की हालत काफी खराब थी। मार्ग पर गिट्टियां बिखरी होने से लोग गिरकर चोटिल भी हो रहे थे। आवागमन में हो रही दिक्कतों के देखते हुए काफी समय ये इनकी मरम्मत की मांग हो रही थी। कुछ ऐसी ही हालत खवासपुर-बाबू के डेरा संपर्क मार्ग, नगरा-गड़वार रोड से तिलकारी शवराज मोड़ मार्ग, गोठवा सेमरी मठिया से सुल्तानपुर संपर्क मार्ग, सिकरहटा पीएम सड़क से मंसुरिया संपर्क मार्ग और रतसर कलां संपर्क मार्ग की भी थी। पीडब्लयूडी के प्रांतीय और निर्माण दोनों खंडों की ओर से इन मार्गों का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया था। इसे स्वीकृति दे दी गई है। पहली किस्त में निर्माण के लिए 2.13 करोड़ की धनराशि भी जारी कर दी गई है। इसके बाद मार्ग की मरम्मत के लिए आगे की कवायद शुरू कर दी गई है।