बलिया। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में बनाए गए 211परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों में होने वाली परीक्षा की मानीटरिंग के लिए नियंत्रण कक्ष में सुबह तथा शाम की पाली में 25-25 जिम्मेदारों की तैनाती की गई है। वे परीक्षा केंद्रों की अनुचित स्थिति तथा सीसीटीवी के सही ढंग से कार्य न करने पर उसकी सूचना जिला विद्यालय निरीक्षक को उपलब्ध कराएंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. ब्रजेश मिश्रा ने कहा कि नियंत्रण कक्ष से केंद्रों की निगरानी के लिए कार्मिकों को तैनात किया गया है। सभी अपने दायित्वों का ईमानदारी पूर्वक निर्वहन करें तथा सूचनाओं से अवगत कराएंगे। कंट्रोल रुम से प्राप्त इनपुट के आधार पर सचल दस्ता और सेक्टर तथा जोनल मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों की निगाहबानी करेंगे। इसके अलावा कंट्रोल रुम के माध्यम से परीक्षा से जुड़ी जानकारियां जिलाधिकारी को दी जाएगी। ताकि आवश्यक होने पर व्यवस्था में तब्दीली भी की जा सके।
निगरानी के लिए लगेगी 20 एलईडी
जीआईसी बलिया में बनने वाले कंट्रोल रूम में तहसीलवार केंद्रों की निगरानी के लिए कुल 20 एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी, जिसके माध्यम से 211 परीक्षा केंद्रों की बेवकास्टिंग के द्वारा निगरानी की जाएगी। इसके लिए एलईडी लगाने का कार्य जल्द ही शुरू हो जाएगा। डीआईओएस ने बाताया कि 211 बोर्ड परीक्षा केंद्रों की वेबकास्टिंग मॉनीटरिंग सेल के द्वारा 12 कंप्यूटरों से ऑनलाइन निगरानी की जाएगी। मॉनीटरिंग सेल मुख्य नोडल अधिकारी होगा। हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा की ऑनलाइन वेबकास्टिंग होगी। केंद्रों में लगे सीसीटीवी कैमरे मॉनीटरिंग सेल से जुड़े रहेंगे। राजकीय इंटर कॉलेज, बलिया के हाल में मॉनीटरिंग सेल स्थापित कर दिया गया है। इसमें बारह कंप्यूटर लगाया जाएगा। हर कंप्यूटर पर एक ऑपरेटर और एक शिक्षक क्रमवार केंद्रों गतिविधियों की निगरानी करेंगे। इसके अलावा माध्यमिक शिक्षा विभाग ने दो प्रधानाचार्यों को इसका नोडल अधिकारी बनाया गया है। एक नोडल पहली व दूसरा दूसरी पाली की परीक्षा की निगरानी करेगा।
जीआईसी में रखे गए प्रश्न पत्र
माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज द्वारा 24मार्च से आयोजित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में प्रश्नपत्रों की खेप पहुंच गई है। रविवार को जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. ब्रजेश मिश्र ने स्वयं मौजूद रह कर प्रश्नपत्रों को जीआईसी में बने डबल लॉकर में सुरक्षित रखवाया। संभव है कि होली के त्योहार के बाद प्रश्नपत्रों को सभी 211 केंद्रों को विषयवार वितरित किया जाएगा।