नवसृजित नगर पंचायत बैरिया में करोड़ों रुपये की परियोजनाओं के लिए भूमि पूजन करते सांसद भरत सिंह साथ में बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
नवसृजित नगर पंचायत बैरिया में विकास कार्यों की बरसात होने वाली है। रविवार को बैरिया तिराहे पर एक समारोह में बलिया के भाजपा सांसद भरत सिंह ने नगर पंचायत में 11 करोड़ की 36 विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। सासंद ने कहा कि विकास से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। बतौर मुख्य अतिथि सांसद भरत सिंह ने कहा कि बैरिया नगर पंचायत के विकास में कहीं से कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी। यहां अरबों रुपए खर्च करके विकास कार्य कराया जाएगा। उन्होंने 142 प्रकाश स्तंभों का लोकार्पण एवं लगभग 11 करोड़ की लागत से ढक्कन दार नाली, इंटरलॉकिंग मार्ग व आरसीसी मार्ग लगभग तीन दर्जन योजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने नवसृजित नगर पंचायत बैरिया के प्रथम चेयरमैन शांति देवी के पति पूर्व प्रधान स्वर्गीय शिवदयाल वर्मा की स्मृतियों को भी लोगों से साझा किया। बोले स्वर्गीय शिव दयाल वर्मा जी हमारे बहुत प्रिय विश्वसनीय साथी थे। वह बहुत ही हिम्मती और विकास की सोच रखने वाले व्यक्तित्व के स्वामी थे ।
आज उन्हीं के सोच और संबंधों का प्रतिफल है कि उनके परिवार के लोग इस नगर पंचायत की चेयरमैनी भी प्राप्त किए। विशिष्ट अतिथि बैरिया भाजपा विधायक सुरेंद्र नाथ सिंह ने कहा कि चुनाव जीतने से कहीं बहुत बड़ी बात है लोगों का दिल जीतना।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शिव कुमार वर्मा मंटन ने कहा कि दो साल में नगर पंचायत के सभी विकास कार्य पूरे हो जाएंगे। अधिशासी अधिकारी आशुतोष ओझा ने कहा कि सरकार द्वारा जितनी भी योजनाएं व धन आएगा, विकास कार्य होते रहेंगे। इस अवसर पर अरुण कुमार सिंह बंटू, विजय बहादुर सिंह, रमाकांत पांडे, गामा सिंह, अभय नारायण सिंह, अरूण कुमार चौबे, प्रकाश मौर्या, विनोद गुप्ता, मोहित, आशीष, सुनील यादव, राकेश वर्मा, शिवमंगल वर्मा, रामकुमार वर्मा, राजकुमार वर्मा आदि लोग रहे। कार्यक्रम का संचालन मनोज कुमार कुशवाहा ने किया।