गरीबों को छत मुहैया कराने के लिए अधिकारियों ने कवायद तेज कर दी है। इस साल 7607 पीएम आवास का आवंटन किया गया है, शेष 1226 आवासों को आवंटित करने की प्रक्रिया जोरों पर है। अधिकारियों के अनुसार एक सप्ताह में आवंटन पूरा कर निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा। अब तक आवंटित आवासों के निर्माण के लिए बतौर पहली किस्त 30.42 करोड़ की धनराशि जारी हो चुकी है।
जिले में इस साल कुल 8833 पीएम आवास निर्माण का लक्ष्य है और इसके सापेक्ष 7607 लाभार्थियों को आवास का आवंटन किया जा चुका है। विभाग ने अक्तूबर महीने तक निर्माण पूरा कराने का लक्ष्य तय किया है और अब तक बतौर पहली किस्त 30.42 करोड़ जारी कर चुका है। हालांकि हर साल की अपेक्षा इस बार काफी विलंब से लक्ष्य मिले हैं लिहाजा अधिकारी चयन प्रक्रिया जल्द पूरी करने के लिए कार्रवाई में जुटे हैं। बताया जाता है कि इस साल जून महीने में लक्ष्य मिलने के कारण चयन प्रक्रिया में भी विलंब हुआ इसके बावजूद आवंटित आवासों को अक्तूबर महीने तक पूरा करने का निर्देश सभी बीडीओ को दिया गया है।
13778 आवास का निर्माण अधूरा
बलिया। जिले में वर्ष 2016-17 से अब तक कुल 49136 आवास स्वीकृत हुए थे। जिसमें 35358 आवास बनकर तैयार हो चुके हैं। वर्ष 2021-22 के लक्ष्य समेत कुल 13778 आवासों का निर्माण होना है।
इस साल विलंब से लक्ष्य मिलने के कारण आवंटन में विलंब हुआ। जो आवास आवंटित हैं अधिकांश का निर्माण शुरू हो चुका है। पूर्व के सालों के कुछ आवासों का निर्माण किंही कारणों से लाभार्थियों ने नहीं बनवाया है उन्हें भी चेतावनी दी गई है।
- डीएन दुबे, पीडी, डीआरडीए, बलिया