बलिया। दिमागी बुखार के जागरूकता पैदा करने के लिए मंगलवार को विकास भवन परिसर से मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन द्वारा संचालित नीर निर्मल परियोजना अंतर्गत चयनित 79 ग्राम पंचायतों में यह वाहन दिमागी बुखार से बचाव के लिए नुक्कड़ नाटक, मैजिक शो, पपेट्स शो, एलईडी वीडियो के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। महीने दिन यह कार्यक्रम चलेगा। सीडीओ ने इस अभियान को पूरी गंभीरता से संचालित करने का निर्देश टीम को दिया।
खुले में शौच से होने वाले नुकसान को भी बताया जाएगा। शिशुओं का मल साफ करने, शौच करने के बाद व भोजन से पहले साबून से ठीक तरह से हाथ धोने के बारे में बताएंगे। यह भी बताएंगे कि सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करने, हैंडपंप के चबूतरा अगर टूटा हो तो उसकी मरम्मत कराएं। खाना पकाने व पीने के लिए पाईप पेयजल योजना के जल का ही उपयोग करें। इस दौरान जिला विकास अधिकारी शशिमौली मिश्रा, भूमि संरक्षण अधिकारी संजेश श्रीवास्तव, कृषि अधिकारी जेपी यादव, परियोजना प्रबंधक हेमंत वर्मा, सामुदायिक सलाहकार मानवेंद्र यादव, लेखा प्रबंधक कुलदीप मणि त्रिपाठी आदि रहे।