बलिया के मनियर के थाना क्षेत्र के कस्बा स्थित सतकू ब्रह्मा बाबा के स्थान पर वासंतिक नवरात्र मेले में सोमवार को यात्री और दुकानदार में पैसे के लेनदेन में हुई मारपीट में एक श्रद्धालु युवती को हल्की चोट आई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुकानदार को पकड़ थाने लाकर शांति भंग में चालान कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, बाबा के स्थान पर लगे मेले में भारी भीड़ में महराजगंज जिले से कुछ लोग पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक युवती ने छोले चाट की दुकान से पैसे देकर सामान खरीदा।
सामान लेकर जब युवती वहां से अपने लोगों के पास जाने लगी तो दुकानदार ने दुबारा पैसे की मांग करने लगा। इसे लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दुकानदार ने युवती पर छनवटा से वार कर दिया। इससे युवती को चोटें आ गईं। दुकानदार और युवती के साथ मारपीट में कुछ घंटे के लिए मेले में भगदड़ की स्थिति बनी रही। सूचना पर पहुंची यूपी 100 और स्थानीय पुलिस ने मामले को शांत कराकर आरोपी दुकानदार हरेराम शाह को थाने लाकर शांतिभंग में मुकदमा दर्जकर चालान कर दिया।