सहतवार/रेवती। दो गांवों में आग से करीब 24 झोपड़ियां जल गईं। जबकि आग बुझाने के चक्कर में एक युवक भी झुलस गया। सूचना के घंटेभर बाद पहुंची अग्निशमन की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। आग से घर गृहस्थी का सामान जल गया। झुलसे युवक का स्थानीय चिकित्सक के यहां उपचार कराया गया।
सहतवार : क्षेत्र के ग्राम सभा बिसौली के हाता पुरवा में अज्ञात कारणों से लगी आग में सात परिवार की रिहायशी झोपड़ी जलकर राख हो गई। आसपास के लोगों ने ट्यूबेल के सहारे किसी प्रकार आग पर काबू पाया। बताया जाता है कि सबसे पहले परमेश्वर पाल की पलानी से आग की लपटें उठने लगी। अभी लोग कुछ समझ पाते कि तब तक आग ने विकराल रूप अख्तियार करते हुए ऋखदेव यादव की दो पलानी, श्याम बिहारी चौधरी की एक, खूंटी यादव की एक, मंगली की एक तथा जंगली के एक पलानी को अपनी आगोश में ले लिया। जिससे पलानी में रखा घर गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। वहीं आग बुझाते वक्त बिट्टू गुप्त भी झुलस गया।
रेवती : रविवार की सुबह आग की चपेट में आने से छपरा सारिव (तुलसी छपरा) में छ: साहनी परिवारों की डेढ़ दर्जन झोपड़ियां जल कर राख हो गई। ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद आग को काबू में किया। सुबह के समय छपरा सारिव के मल्लाह बस्ती के महिला पुरुष आलू कोड़ाई एवं घास लाने खेतों में निकले हुए थे। इसी समय नवमी साहनी की रिहायशी झोपड़ी से अचानक घना धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते पछुआ हवा से विकराल हुई आग ने नवमी की तीन , जितेन्द्र की तीन, मुन्ना की तीन, अनीत की तीन, शिवमुनि एवं चंद्रेश्वर की दो-दो झोपड़ियों को अपनी जद में ले लिया। इस दौरान झोपड़ियों में रखे अनाज और घरेलू सामान जल गए। जितेंद्र एवं अनीत के पुत्रों के गंगा ओहार की तैयारी में लाए गए सामान भी आग की भेंट चढ़ गए।