बलिया। हेलमेट पहनकर बाइक चलाएं, धीमी गति से वाहन चलाएं, यातायात नियम एवं सांकेतिक चिह्नों का पालन करने का नसीहत देते हुए यातायात माह के तहत पुलिस लाइन से शनिवार को यातायात रैली निकाली गई। जिसका शुभारंभ पुलिस अधीक्षक श्रीपर्णा गांगुली ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली पुलिस लाइन से निकलकर कुंवर सिंह चौराहा, टीडी कालेज चौराहा, गड़वार रोड, चित्तू पांडेय होते हुए नगर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए लोगों को यातायात के बारे में जागरूक किया।
सीओ सिटी व यातायात नोडल अधिकारी अरूण कुमार सिंह ने बताया कि यातायात माह के तहत 30 नवंबर तक अभियान चलता रहेगा। यातायात विभाग व स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से नुक्कड़ नाटक, संगोष्ठी, पेंटिग, निबंध प्रतियोगिता के माध्यम से लोगों को यातायात के प्रति जागरूक किया जाएगा ताकि आए दिन हो रहे सड़क हादसे को रोका जा सके। इस मौके पर एएसपी विजयपाल सिंह, सीओ सिटी एके सिंह, सदर सीओ अवधेश चौधरी, सदर कोतवाल शशिमौलि पांडेय, यातायात प्रभारी सुरेश चंद्र द्विवेदी, सिविल चौकी इंचार्ज धमेंद्र सिंह, जापलिनगंज चौकी प्रभारी दिलीप सिंह, चंद्रशेखर नगर चौकी इंचार्ज सुभाष यादव, मंडी चौकी इंचार्ज संजय उपाध्याय आदि रहे।