बलिया। मतदाता सूची में युवा मतदाताओं को जोड़े जाने के लिए एक से 31 जुलाई तक अभियान चलाया जाएगा। जिसका शुभारंभ शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्र विक्रम के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी मनोज सिंघल ने टीडी कॉलेज के मनोरंजन हॉल में किया।
कहा कि जो भी 18 से 19 वर्ष तक के जिन युवाओं के नाम मतदाता सूची में नही हैं, वे फॉर्म भरकर अपने बीएलओ के यहां जमा कर दें। मतदाता सूची में नाम होगा, तभी मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इस अभियान के तहत बीएलओ डोर-टू-डोर जाकर सर्वे कर 18 से 19 साल के युवाओं का नाम जोड़ने काम करेंगे। इसके अलावा मृतक लोगों का नाम मतदाता सूची से काटने का भी काम करेंगे। एडीएम ने बताया कि 9 व 23 जुलाई को विशेष अभियान की तिथि निर्धारित की गई है। इस दिन बीएलओ घर-घर नहीं, बल्कि बूथ पर बैठकर नाम जोड़ने के लिए फॉर्म भरवाएंगे। उन्होंने अभियान के व्यापक प्रचार प्रसार के भी निर्देश दिए। इस मौके पर अपर जिला निर्वाचन अधिकारी अली मेहंदी, अख्तर बाबू आदि मौजूद रहे।