फखरपुर। केशवापुर-बौंडी मार्ग पर बुधवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने घायल महिला को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
बुबकापुर गांव निवासी शंकर गौतम (40) बुधवार सुबह पत्नी शिवप्यारी (38) के साथ कोतवाली देहात के कटका गांव स्थित रिश्तेदार के घर गए थे। रात करीब नौ बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। केशवापुर-बौंडी मार्ग पर बौंडी मोड़ के पास अज्ञात वाहन से उनकी बाइक में टक्कर लग गई। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा। वहां चिकित्सकों ने शंकर को मृत घोषित कर दिया। शिवप्यारी की हालत गंभीर होने पर उनका उपचार किया जा रहा है। ग्रामीण मोहन अवस्थी के अनुसार, शंकर के परिवार में चार बेटे और एक बेटी हैं। हादसे के समय दोनों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। एएसपी नगर आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की मदद से अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है।