बहराइच। खैरीघाट थाना क्षेत्र के भदईपुरवा बेहड़ा गांव निवासी श्रमिक ने रविवार की रात पारिवारिक कलह के चलते अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण दौड़े और उसपर पानी व कंबल डालते हुए आग बुझाई। गंभीर रूप से झुलसने पर परिजन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां से उसे ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ रेफर कर दिया गया।
भदईपुरवा निवासी अनूप कुमार (31) ने ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। अनूप की पत्नी निशा ने बताया कि पति शराब पीकर कर आए दिन मारपीट करते हैं। देर शाम शराब पीकर आए और उनसे मारपीट कर चेहरे को नोंच लिया और घर से निकल गए। इसके कुछ देर बाद ज्वलनशील पदार्थ अपने शरीर पर डाला और बगल में स्थित चाचा के घर से माचिस मांगकर घर के बाहर ही आग लगा ली। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों ने दौड़ कर आग बुझाई, तब तक वे गंभीर रूप से झुलस गए। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में तैनात डॉ. सूर्य विजय ने बताया युवक 50 प्रतिशत तक झुलस गया है।