इकौना (संवाद)। भगवानपुर बनकट के मोहनीपुर स्थित देशी शराब की दुकान पर सोमवार को दो लोगों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इस दौरान बात इतनी बढ़ी कि दोनों एक दूसरे पर हमलावर हो गए। एक युवक ने दूसरे पर हंसिए से वार कर घायल कर दिया। जिसे सीएचसी इकौना लाया गया। जहां से बहराइच रेफर कर दिया गया।
इकौना थाना क्षेत्र के ग्राम भगवानपुर बनकट निवासी गोविंद (40) सोमवार को गांव के ही मोहनीपुर तिराहे पर शराब पीने आया था। वह देसी शराब की दुकान पर शराब पी रहा था। इसी बीच वहां शराब पी रहे थाना क्षेत्र के ग्राम इटौंजा निवासी नीबर चौहान से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इस दौरान बात इतनी बढ़ी कि नीबर ने गोविंद के गर्दन पर हंसिए से वार कर दिया। जिससे गोविंद गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने गोविंद को सीएचसी इकौना पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी नीबर को गिरफ्तार कर लिया है।