बहराइच। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में एक महिला की मौत हो गई जबकि बाप-बेटे समेत 13 लोग घायल हो गए। सूचना पर आई स्थानीय पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज भिजवाया। वहीं शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
बलरामपुर जनपद ललिया थाना के बहादुरगंज बाजार निवासी महिला गिरजादेवी (55) की सोमवार को मडिकल कॉलेज में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया वे गांव निवासी जगतराम के साथ बाइक से दवा लेने श्रावस्ती जनपद के इकौना इलाके में आई थीं। लौटते समय भिनगा के रेहली गांव के पास दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी। परिजन गंभीर अवस्था में मेडिकल कॉलेज बहराइच लेकर पहुंचे जहां मौत हो गई। मौत से पति गिरधारी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
लखनऊ-बहराइच हाइवे कैसरगंज टोल के पास सोमवार की रात बाइक सवार फखरपुर थाना के उमरीपुरवा निवासी रामदेव (47), सरजपारा निवासी मनोज को दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी। वहीं, देहात कोतवाली के हरिहरपुर रैकवारी गांव निवासी बाइक सवार मिश्रीलाल (50), उनके बेटे राजकुमार (18) बहराइच से घर लौटते समय गोदवापुर के पास मवेशी से टकरा गए। इसी तरह, देहात कोतवाली के गोलवाघाट के पास नव्वागढी निवासी बाइक सवार दिनेश, रोहन को दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी। मटेरा के भलवा निवासी इंतिजार अली (20) बाइक से मटेरा से घर जा रहे थे, मदरहा चौराहा के पास अनियंत्रित होकर गिर गई। मोतीपुर थाना के अहीरनपुरवा रायबोझा निवासी बिच्छीलाल के आठ वर्षीय बेटे रितेश को कोचिंग से पैदल लौटते समय बाइक सवार ने टक्कर मार दी।
रिसिया थाना इलाका निवासी बाइक सवार रहीश, नूरजहां और नाजमा सोमवार को लखनऊ-नानपारा हाईवे पर रामगांव थाना के झींगाघाट चौपाल सागर विश्वरिया गांव के पास मवेशी से टकरा गए। सूचना पर आए एंबुलेंस चालक योगेश और ईमटी अखिलेश पाल उन्हें लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जहां से दो लोगों को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। घायलों ने बताया वे फखरपुर स्थित रिश्तेदारी में बीमार व्यक्ति को देखकर वापस घर लौट रहे थे।
वहीं रूपईडीहा थाना इलाका निवासी महिला बिट्टू (35) गनेशपुर से राशन लेकर आ रही थी। रास्ते में भगवानपुर चौराहा के पास बाइक ने टक्कर मार दी। रागहगीरों ने चरदा सीएचसी भिजवाया। इसी तरह, देहात कोतवाली इलाके के गोंडा मार्ग पर नाजिरपुरवा निवासी बाइक सवार रेहान (27) को कार ने टक्कर मार दी। राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया।