खैरीघाट में जंगली जानवर के हमले में घायल ग्रामीण। -संवाद
खैरीघाट। सरयू नदी के कछार स्थित पिपरिया गांव निवासी किसान मंगलवार को मवेशियों के लिए चारा लेने गए थे। तभी किसी अज्ञात वन्यजीव ने उन पर हमला कर दिया। परिजनों ने हमले में घायल किसान तिलक राम का सीएचसी शिवपुर में इलाज कराया।
घायल किसान तिलक राम ने बताया कि झाड़ी से निकलकर तेंदुए ने उन पर झपट्टा मारा। हमले के बाद किसी तरह उन्होंने जान बचाई। ग्रामीणों में इस घटना से दहशत फैल गई है। हालांकि, वन विभाग ने तेंदुए के हमले से इन्कार किया है।
वन क्षेत्राधिकारी पीयूष गुप्ता ने कहा कि संभव है कि हमला कुत्तों का हो या किसान कांटों से घायल हुआ हो। एहतियात के तौर पर वन कर्मियों की टीम मौके पर भेजी गई है। जानवर के पगचिह्न तलाशे जा रहे हैं। टीम की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।