बहराइच। जिले के शिक्षा विभाग में कार्यरत कुछ ऐसे शिक्षक हैं जो न सिर्फ विभागीय निर्देशों का बखूबी पालन करते हैं, बल्कि अपने व्यक्तिगत अभिरुचियों को क्रियाकलापों में समाहित कर बड़े परिवर्तन लाते हैं। आंचल श्रीवास्तव ऐसी ही एक शिक्षिका हैं जो परिवर्तन को अड़ गई और मनोयोग से अपने अभियान में लग गईं। शिक्षा के क्षेत्र में और अपने विद्यालय में उन्होंने इतना काम किया कि उनके समक्ष पुरस्कारों की झड़ी लग गई। विद्यालय के विद्यार्थियों ने कई कीर्तिमान स्थापित किए।
आंचल श्रीवास्तव जिले के चित्तौरा ब्लॉक स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय कमोलिया खास में सहायक अध्यापक हैं। आंचल के प्रयासों से इस विद्यालय में बच्चों की संख्या 243 है। जिले में ही पली-बढ़ीं आंचल ने शिक्षक रहते हुए कुछ अलग करने की ठानी और पूर्ण मनोयोग से कार्य किया। आज की तारीख में यहां के बच्चे किसी कॉवेंट विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों से कम नहीं हैं। आंचल का उद्देश्य है कि उनके विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चे न सिर्फ शिक्षा क्षेत्र में बल्कि अन्य कला, संस्कृति आदि क्षेत्रों में भी आगे निकलें। वह सरकारी निर्देशों का पालन तो करती ही हैं, लेकिन विद्यालय में बच्चों को अपनी प्लानिंग के अनुसार पढ़ाती हैं।
इतनी सटीक प्लानिंग कि शिक्षा विभाग के हुक्मरान भी इस विद्यालय को एक मॉडल विद्यालय के तौर पर पेश करते हैं। यहां के बच्चों ने देश और प्रदेश स्तर पर कई प्रतियोगिताओं में न सिर्फ हिस्सा लिया, बल्कि उपलब्धि भी हासिल की। शिक्षिका के प्रयासों से अब यहां के विद्यार्थी स्मॉर्ट क्लासेज की तैयारी कर रहे हैं। आंचल श्रीवास्तव बताती हैं कि हम लोग जल्द ही स्मार्ट क्लासेज चलाने की स्थिति में आ जाएंगे। बच्चों ने भी स्वयं को इसके लिए तैयार कर लिया है। उधर, बेसिक शिक्षाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि कमोलिया खास स्थित इस विद्यालय के बच्चों और शिक्षकों खासकर विद्यालयी वातावरण देखकर गर्व होता है। तीनों का सामंजस्य ही है कि यह विद्यालय हर मंच पर पुरस्कृत हो रहा है।
उपलब्धियां
- राज्यपाल द्वारा 2019 में राज्य शिक्षक पुरस्कार दिया गया
- एमएचआरडी मिनिस्टर द्वारा शून्य निवेश नवाचार के लिए पुरस्कार
- यूपी शिक्षा निदेशालय द्वारा 2019 में ही उत्कृष्ट विद्यालय पुरस्कार
- 2020 में विद्यालय के बच्चों ने राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता में प्रतिभाग लिया
- विद्यालय के बच्चों ने राज्य स्तरीय नाट्य प्रतियोगिता जीती
- योग्यता देख विद्यालय के एक दिव्यांग बच्चे को डीएम ने पुरस्कृत किया
- आंचल श्रीवास्तव द्वारा विद्यालय में स्मार्ट क्लास चलाने की तैयारी पूरी की गई है
- बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान से प्रसन्न होकर पूर्व डीएम अजयदीप सिंह ने पुरस्कृत किया
- विद्यालय में चले मतदाता जागरूकता अभियान के देख पूर्व आयुक्त और पूर्व डीएम ने बच्चों को सम्मानित किया