बहराइच मेडिकल कॉलेज में ओपीडी के बाहर बैठे मरीज व तीमारदार। -संवाद
बहराइच। भारी बारिश और मौसम बदलने के बीच बुखार के मरीजों की बढ़ती संख्या अब जानलेवा साबित हो रही है। सोमवार को मेडिकल कॉलेज पहुंचे तेज बुखार से पीड़ित एक ग्रामीण की इलाज शुरू होते ही मौत हो गई। परिजन रोते बिलखते शव लेकर घर चले गए।
मोतीपुर निवासी भोगा प्रसाद (35) को एक सप्ताह से बुखार की शिकायत थी। परिजनों ने स्थानीय स्तर पर इलाज कराया, लेकिन लाभ नहीं हुआ। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान भोगा को तेज बुखार के साथ झटके भी आने लगे। इस पर डाक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, लेकिन इलाज शुरू होने के कुछ देर बाद ही उनकी सांसें थम गईं।
भोगा के बहनोई शोभाराम ने बताया कि कई दिन से उसे बुखार की शिकायत थी, हालत बिगड़ने पर मोतीपुर से मेडिकल कॉलेज ने जाया गया। डॉक्टरों ने भी तेज बुखार की पुष्टि की, मगर जिंदगी बचाई नहीं जा सकी।