रुपईडीहा (बहराइच)। भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। शनिवार को पकड़े गए तस्करों के पास से 4.050 किलोग्राम चरस बरामद की गई। यह दोनों नेपाल से भारत लाए थे। इसकी कीमत 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
नेपाल के रास्ते भारत में चरस की तस्करी की जा रही है। शनिवार को रूपईडीहा पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार होने वाले व्यक्तियों की पहचान मोहम्मद हनीफ (32) निवासी शाहपुर जोत युसूफ हटिला कोतवाली नगर बहराइच व हवलदार खान (48) निवासी करीम गांव थाना रुपईडीहा के रूप में हुई। प्रभारी निरीक्षक रुपईडीहा दद्दन सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने बाबा परमहंस कुट्टी के पास से दोनों तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद किए गए चरस का वजन 4.050 किलोग्राम है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 20 लाख रुपये है। आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट में जेल भेज दिया गया है।