बेटी के घर ससुराल जा रहे बाइक सवारों को मंगलवार को नानपारा-बहराइच मार्ग पर कार ने टक्कर मार दी। हादसे में मौके पर ही ससुर की मौत हो गई, जबकि दामाद और सहयोगी गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया। लेकिन सुधार न होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया है, जहां दामाद ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। बताया जाता है कि हादसे के शिकार बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया था।
कैसरगंज थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत गंडारा के पचंभा गांव निवासी बुद्धू (58) पुत्र लालजी बेटी की ससुराल सलारपुर लक्ष्मनपुर जा रहे थे। इसके लिए बुद्धू बस द्वारा कैसरगंज से बहराइच पहुंचे। यहां दामाद संतोष (40) व सहयोगी लोकनाथ (32) बहराइच पहुंचे। इसके बाद ससुर, दामाद व सहयोगी एक बाइक पर सवार होकर बेटी की ससुराल के लिए रवाना हुए।
जब बाइक सवार नानपारा-बहराइच मार्ग पर स्थित भोपतपुर गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में मौके पर ही बुद्धू की मौत हो गई। वहीं, दामाद संतोष व लोकनाथ गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना पाकर रामगांव थानाध्यक्ष फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। यहां पर हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। जहां संतोष ने भी दम तोड़ दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को थाने लाया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर जांच की जाएगी।