जिला अस्पताल में सोमवार को इलाज के दौरान डायरिया व बुखार से दो मासूमों की मौत हो गई। जबकि बुखार और डायरिया के 14 और रोगी भर्ती हुए हैं। इनमें तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है। उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया है।
जिला अस्पताल में बुखार और डायरिया से मौत होने का सिलसिला जारी है। शहर के दरगाह शरीफ थाना अंतर्गत दरगाह निवासी मोहम्मद रजिक (11) पुत्र राजू को उल्टी-दस्त की शिकायत पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
सोमवार को इलाज के दौरान दोपहर बाद रजिक ने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों के मुताबिक रजिक को डायरिया की शिकायत थी। उधर, खैरीघाट के शिवपुर क्षेत्र निवासी शादाब (2) पुत्र कमरुद्दीन को बुखार होने पर भर्ती कराया गया था। देर शाम को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उधर, जिला अस्पताल में बुखार और डायरिया से पीड़ित 14 और रोगी भर्ती हुए हैं। इनमें तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है।