बिछिया (बहराइच)। एसएसबी 70वीं वाहिनी के जवानों ने सीमा पर गश्त के दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। वह एक युवती को नौकरी का झांसा देकर दिल्ली ले जा रहा था। एसएसबी ने युवती को नेपाल की संस्था के सुपुर्द कर दिया है। वहीं तस्कर को नेपाल पुलिस को सौंप दिया गया है।
सशस्त्र सीमा बल 70वीं वाहिनी के जवान भारत-नेपाल सीमा पर रमपुरवा गांव के निकट गश्त कर रहे थे। तभी उनको नेपाल की ओर से एक युवक व युवती आते हुए दिखाई दिए। एसएसबी जवानों ने शक होने पर दोनों को रोक कर पूछताछ शुरू की।
पूछताछ के दौरान पता चला कि युवक नेपाली युवती को नौकरी का झांसा देकर दिल्ली ले जा रहा था। एसएसबी के निरीक्षक भरत सिंह ने बताया कि नेपाली युवक सूरज थारू नेपाल के सानो श्री बर्दिया का रहने वाला है। उसने युवती को दिल्ली ले जाकर बेचने की बात पूछताछ के दौरान स्वीकार की है।
तस्कर को नेपाल पुलिस को सौंप दिया गया है। जबकि युवती को नेपाल की संस्था मायती के सुपुर्द किया गया है। तस्कर को पकड़ने में मुख्य आरक्षी अनिल यादव, आरक्षी कंद्रपा राय आदि का अहम योगदान रहा।