बहराइच। चार अलग-अलग इलाकों में हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि कक्षा चार में पढ़ने वाला दस साल का एक बालक गंभीर घायल हो गया। उसे इलाज के लिए लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
कोतवाली देहात के सुखनदिया गांव निवासी तिलई (45) सोमवार को बाइक से बेटी की ससुराल गया था। वहां से देर शाम घर लौटते समय हुजूरपुर बहराइच मार्ग पर साह असलमपुर चौराहे के निकट तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार तिलई की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर, हरदी थाना क्षेत्र के शुक्लन बाला सराय निवासी देवाराम (48) गांव में ही खड़े किसी से बात कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार बाइक सवार ने उनको टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बहनोई रवींद्र दीक्षित ने बताया कि उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। जहां से उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया था। सोमवार देर शाम उनकी मौत हो गई।
तीसरा हादसा जरवल रोड थाना क्षेत्र में हुआ। इलाके के खुर्रमपुर निवासी कृपाराम (30) आटोरिक्शा से जरवल सवारी छोड़ने जा रहे थे। तभी पबही के पास चार पहिया वाहन ने ई रिक्शे को ठोकर मार जी। इससे रिक्शा चला रहे कृपाराम गंभीर घायल हो गए। उनका इलाज लखनऊ के ट्रामा सेंटर में चल रहा था। सोमवार देर रात उनकी मौत हो गई।
वही सीतापुर के बरौरा गांव निवासी नबी अहमद (10) जो कक्षा चार का छात्र है, सुबह घर से साइकिल पर स्कूल जाने के लिए निकला था। घर से कुछ दूरी पर एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आकर गंभीर घायल हो गया। परिजन उसे रेउसा अस्पताल लेकर पहुंचे जहां से उसे बहराइच रेफर कर दिया गया। जहां भी चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।