बौंडी थानाक्षेत्र में मकान में चोरी के बाद बिखरा सामान।
तेजवापुर(बहराइच)। बौंडी क्षेत्र की ग्राम पंचायत छत्तरपुरवा के मजरा बेहटा चूड़ामणि में मंगलवार की रात चोर दीवार फांद कर गांव निवासी उमेश कुमार के घर में घुसे और 1.5 लाख की नकदी समेत पांच लाख से अधिक का माल पार कर दिया। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर चोरों की गिरफ्तारी व माल की बरामदगी की मांग की है।
उमेश कुमार ने बताया कि वह घर का दरवाजा बंद कर बरामदे में सो रहे थे। इस दौरान देर रात लगभग तीन बजे जब नींद खुली तो घर का दरवाजा खुला था वहीं, कमरे का ताला टूटा हुआ था। कमरे के अंदर जाकर देखा तो आलमारी का लॉक टूटा था और सारा सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित ने बताया कि चोर घर से 1,25,000 रुपये नकद, बच्चों के गुल्लक से 25 हजार रुपये सोने की जंजीर, तीन मंगलसूत्र, आठ पायल, आठ सोने की अंगूठी, सात चांदी के सिक्के आदि ले गए हैं। घटना के बाद से परिजनों की रो-रो कर हालत खराब है।
थाना प्रभारी टीएन मौर्य ने बताया कि पुलिस टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जल्द चोरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।