बहराइच। थाना क्षेत्र के कलुवापुर गांव में असलहे की नोक पर बदमाशों ने एक घर में लूट की सनसनीखेज घटना को अंजाम दिया। बदमाशों के घर में घुसते ही सो रही महिला ने जग कर शोर मचाने की कोशिश की तो बदमाशों ने फायर झोंक दिया।
महिला को घायल कर बदमाश लाखों की नकदी लूटकर फरार हो गए। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। लूट की इस बड़ी घटना को भी पुलिस तहरीर के खेल से चोरी में दर्ज कर पूरे मामले को दबाने में जुटी है। घटना के बाद से क्षेत्र में हड़कंप है।
रानीपुर थाना क्षेत्र के कलुवापुर निवासी मीरा देवी रोजाना की तरह शुक्रवार की रात खाना खाने के बाद घर में सोने चली गई। परिवार के अन्य सदस्य भी आसपास ही सो रहे थे। रात में अज्ञात बदमाश असलहे से लैस होकर घर में घुसे और घर में रखे सामान को टटोलने लगे।
इतने में महिला की आंख खुली तो बदमाशों ने महिला को असलहे की नोक पर लेकर घर में रखे रुपये व जेवरों के बारे में पूछा। असलहा देख महिला घबरा गई। बदमाश घर की तिजोरी में रखी 1.77 लाख की नकदी समेट कर भागने लगे। इस बीच महिला के शोर मचा देने से आस पास के कुछ लोग जाग गए तो बदमाश फायरिंग करते हुए लूट के पैसे समेत फरार हो गए। घायल महिला को इलाज के लिए सीएचसी हुजूरपुर में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस पूरे मामले को चोरी की मामूली घटना बता लूट को छिपाने की कोशिश में जुट दिखी। क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि इसके लिए पुलिस ने घायल महिला के पति नंदलाल पर दबाव बना कर पहले तहरीर में मनचाहा बदलाव कराया और फिर पूरे मामले में चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष रानीपुर सौरभ सिंह का कहना है कि यह चोरी की घटना है। चोर के जाते समय महिला को घायल कर गए। पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की जा रही है।
रानीपुर थानाध्यक्ष सौरभ सिंह एसपी के पीआरओ भी रहे है। पीआरओ के बाद ही एसपी ने उन्हें रानीपुर थाने की कमान सौंपी है। माना जा रहा है कि एसपी की गुड बुक में बने रहने के लिए ही थानाध्यक्ष ने कुर्सी को बचाने के लिए पीड़ित परिवार पर दबाव बनाकर तहरीर को बदलवा कर लूट के सनसनीखेज मामले को मामूली चोरी में दर्ज करवा दिया।