बहराइच। कोतवाली देहात क्षेत्र के दीवानपुरवा गांव में शनिवार की रात असलहों से लैस बदमाशों ने एक घर में धावा बोल दिया। इस दौरान बदमाशों ने बंधक बनाकर पांच लोगों को मारपीट कर घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश एक लाख के जेवरात व 50 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज बहराइच में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिवारीजनों की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के दीवानपुरवा गांव निवासी मुन्नालाल (60) का परिवार शनिवार की रात घर में सो रहा था। इसी दौरान देर रात असलहों से लैस बदमाशों ने घर में धावा बोल दिया। बदमाशों के आने पर मुन्नानाल के पुत्र दाताराम को कुछ आहट सुनाई दी। लेकिन जब तक परिवार के लोग कुछ समझ पाते, तब तक बदमाश हमलावर हो गए।
घर में घुसे सशस्त्र बदमाशों ने सभी लोगों को असलहोें से डरा धमकाकर जान से मारने की धमकी देते हुए बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाशों ने मुन्नालाल, दाताराम, बच्चाराम, गंगा प्रसाद व रामजीत को मारपीट कर घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश एक लाख के जेवरात और 50 हजार रुपये समेटकर फरार हो गए।
वारदात से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। रविवार को सुबह पीड़ित परिवारीजनों ने थाने में पहुंचकर घटना की जानकारी दी। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज बहराइच में भर्ती कराया गया है। प्रभारी निरीक्षक एके सिंह ने बताया कि पीड़ितों की ओर से दी गई है। केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।