बहराइच। जिले में गर्मी फिर सख्त मिजाज में लौट आई है। पिछले तीन दिनों में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। रविवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, तेज धूप और उमस के कारण लोगों को झुलसाने वाली गर्मी का अहसास हुआ।
सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण दोपहर होते-होते सड़कें सूनी नजर आईं। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी लोगों की आवाजाही कम हो गई। धूप और गर्म हवाओं के चलते सबसे ज्यादा परेशानी दिहाड़ी मजदूरों, रिक्शा चालकों और राहगीरों को उठानी पड़ रही है। दोपहर के समय लोग सिर ढककर निकलते दिखे। वहीं ठंडे पेय पदार्थ, गन्ने का रस और शिकंजी की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. पीएल त्रिपाठी ने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी के संकेत हैं। 13 और 14 मई को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है, लेकिन गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। उन्होंने लोगों को दोपहर में धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी है।
गर्मी से बचने के लिए बरतें सावधानी
दोपहर 12 से 3 बजे तक तेज धूप में निकलने से बचें।
बाहर जाते समय सिर और चेहरे को ढंककर रखें।
अधिक से अधिक पानी और तरल पदार्थ लें।
बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
चक्कर, घबराहट या कमजोरी होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।
चार दिनों में तापमान में आया उछाल
तिथि
अधिकतम तापमान
न्यूनतम तापमान
7 मई 31 डिग्री सेल्सियस 21 डिग्री सेल्सियस
8 मई 33 डिग्री सेल्सियस 23 डिग्री सेल्सियस
9 मई 33 डिग्री सेल्सियस 23 डिग्री सेल्सियस
10 मई 35 डिग्री सेल्सियस 25 डिग्री सेल्सियस