मटेरा (बहराइच)। ग्राम पंचायत लालपुर शिवपुर से संवेदनहीनता की हदें पार करते हुए एक युवक ने पहले कुत्ते को लाठियोंं से पीट कर अधमरा कर दिया। इसके बाद उसकी आंखें फोड़ कर पूरे गांव में घुमाया। वीडियो वायरल होने पर जब ग्रामीण ने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट का प्रयास किया गया।
मटेरा क्षेत्र के लालपुर शिवपुर निवासी कौशलेंद्र वर्मा ने बताया कि गांव निवासी छीटन खां कुत्ते को अधमरा कर उसे गांव में घसीट रहे थे। इस पर उन्होंने ऐसा करने से मना किया तो वह उसके साथ अभद्रता करने लगा और मारपीट का प्रयास किया। इस पर उन्होंंने घटना की सूचना डायल 112 को दी। इसके बाद आरोपी भाग गया। ग्रामीण ने बताया कि कुत्ते की हालत नाजुक बनी हुई है। थाना प्रभारी मदनलाल ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।