तेजवापुर के बसंतापुर में गार्ड ऑफ ऑनर देते जवान।
तेजवापुर (बहराइच)। महाराष्ट्र में तैनात टेड़वा बसंतापुर निवासी एयरफोर्स जवान अंकित सिंह का पार्थिव शरीर मंगलवार को गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया। मां रीता सिंह जहां रोते-रोते अचेत हो गई वहीं हाथों की मेहंदी छूटने से पहले ही सुहाग उजड़ जाने की पीड़ा से पत्नी पूजा के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। साथ आए एयरफोर्स के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ आनर दिया। इसके बाद राजकीय सम्मान के साथ जवान अंकित के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया गया।
कोतवाली देहात क्षेत्र के टेंड़वा बसंतपुर निवासी अंकित सिंह (28) एयर फोर्स में कार्यरत थे। सात वर्ष पूर्व उनकी तैनाती महाराष्ट्र के नासिक में हुई थी। बीते बृहस्पतिवार की शाम अंकित बुलेट से टिफिन लेने जा रहे थे, इस दौरान एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बुलेट में टक्कर मार दी थी। हादसे में गंभीर रूप से घायल अंकित को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। हादसे की सूचना पर पत्नी पूजा सिंह व अन्य लोग नासिक पहुंचे थे और उनके साथ थे, लेकिन इलाज के दौरान सोमवार को उनकी मौत हो गई। मंगलवार को मृतक जवान का शव गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में लोग उनके अंतिम संस्कार में शामिल हुए।
चार माह में पति ने छोड़ा पूजा का साथ
नवविवाहिता पूजा का विलाप देख मौजूद सभी बिलख पड़े। मात्र चार माह पहले ही कैसरगंज निवासी पूजा का विवाह अंकित के साथ हुआ था। हाथों की मेंहदी छूटने से पहले ही पति को खोने की पीड़ा के कारण पूजा थोड़े-थोड़े समय पर बेहोश हो जा रही थी। पूजा की चीत्कार सुन मौजूद सभी लोगों की आंखें भी भर आई। देख मौजूद हर कोई किस्मत को कोसता नजर आया।
हादसे से घंटा भर पहले की थी मां से बात
बेते के मृत शरीर को पकड़ कर रो रही मां रीता सिंह ने कहा कि रोज फोन कर घर आने के बारे में पूछती थी। छुट्टी भी मंजूर हो गई थी। बृहस्पतिवार को हादसे से एक घंटा पहले ही उससे फोन पर बातचीत भी हुई थी। अंकित घर आने को लेकर बहुत खुश था।