कतर्नियाघा के आंबा गांव में किशोर का शव मिलने के बाद जमा भीड़। -संवाद
बहराइच। हल्दी के खेत में काम करते समय दो दिन पहले मगरमच्छ के चंगुल में आए किशोर का शव शुक्रवार दोपहर घटनास्थल से दो सौ मीटर दूर गेरुआ नदी में मिला। अधखाए शव को देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
सुजौली के आंबा गांव निवासी अनिल (14) बुधवार शाम अपनी चाची के साथ हल्दी के खेत में घास काट रहा था। तभी अचानक घात लगाए मगरमच्छ ने अनिल को दबोच लिया और गहरे पानी में खींच ले गया था।
पुलिस, वन विभाग, एनडीआरएफ और एसएसबी की टीमें लगातार खोजबीन करती रहीं, लेकिन दो दिन तक कोई सफलता नहीं मिली। शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे ग्रामीणों ने घटनास्थल से लगभग 200 मीटर दूर नदी में अधखाया शव उतराता देखा।
शव निकलते ही परिजन बिलख पड़े, सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग अब नदी के किनारे जाने से भी कतराने लगे हैं। उनका कहना है कि गेरुआ नदी में बढ़ती मगरमच्छों की मौजूदगी ने सभी को दहशत में डाल दिया है। थानाध्यक्ष प्रकाश चंद्र शर्मा व डिप्टी रेंजर मयंक पांडे दलबल के साथ मौके पर मौजूद रहे।