बहराइच। श्रावस्ती के साथ ही जिले के कुछ प्रमुख डाकघरों में आधार बनाने के लिए शनिवार को विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए शुक्रवार को डाकघरों की सूची जारी की गई है। इसमें दोनों जिले के डाकघर शामिल हैं।
आधार बनने में होने वाली समस्या को देखते हुए डाकघर अब विशेष शिविर का आयोजन करने जा रहा है। जीपीओ के डाक अधीक्षक पीके शुक्ल ने बताया कि बहराइच डाक मंडल के तहत आने वाले बहराइच व श्रावस्ती जनपद के सभी डाकघरों में आधार कार्ड बनवाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अब प्रधान डाकघर बहराइच, बडनापुर डाकघर, भिनगा मुख्य डाकघर, विशेश्वरगंज, फखरपुर, गिलौला, हुजूरपुर, इकौना, कैसरगंज, कल्पीपारा, खैरी घाट, मटेरा, मिहींपुरवा, नानपारा, पयागपुर, रिसिया, रुपईडीहा व सिरसिया उपडाकघर में विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा।
बताया कि इसका लाभ लोग उठा सकते हैं। यहां नया आधार कार्ड बनाने के साथ ही आधार पंजीकरण व अद्यतनीकरण भी होगा। आधार अपडेशन के लिए 50 रुपये व बायोमीट्रिक के लिए 100 रुपये शुल्क देना होगा।