- परिजन बोले, दो दिनों से निजी चिकित्सक से चल रहा था इलाज
संवाद न्यूज एजेंसी
रिसिया (बहराइच)। जिले में वायरल बुखार का प्रभाव बढ़ गया है। लोग तेजी से इस बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। तमाम मरीजों में डेंगू के लक्षण भी मिल रहे हैं। रिसिया थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी डेंगू के संदिग्ध पीड़ित युवक की लखनऊ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। परिजनों ने मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया है।
रिसिया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत समसा तरहर निवासी श्याम सुंदर (28) पिछले कई दिनों से बीमार चल रहा था। पीड़ित के परिवारीजनों ने बताया कि श्याम सुंदर का इलाज निजी चिकित्सक से कराया जा रहा था। दो दिनों से हालत ज्यादा गंभीर हो गई थी। इस पर डॉक्टर ने लखनऊ रेफर कर दिया था। रविवार की रात लखनऊ इलाज के लिए ले जाते समय मौत हो गई। उल्लेखनीय है कि रिसिया के कई गांव में वायरल बुखार का प्रकोप चल रहा है। तमाम लोग बीमारी की चपेट में है लेकिन गांव में एंटी लार्वा का छिड़काव नहीं कराया जा रहा है।