रुपईडीहा (बहराइच)। भारत के पड़ोसी मित्र राष्ट्र नेपाल में 13 मई को होने वाले निकाय चुनाव को देखते हुए एसएसबी जवानों ने सीमा पर चौकसी तेज कर दी है। निकाय चुनाव में कोई खलल न डाल पाए इसके लिए भारत-नेपाल सीमा पर दोनों देशों के सुरक्षा बलों की ओर से संयुक्त गश्ती अभियान चलाया जा रहा है।
निकाय चुनाव को लेकर नेपाल में तैयारियां तेज हो गई हैं। चुनाव को लेकर नेपाल के प्रमुख बड़े दल प्रचार-प्रसार व वोटरों को साधने में जुट गए हैं। इसके साथ ही सुरक्षा एजेंसियां ने भी सकुशल चुनाव संपन्न करवाने के लिए कमर कस ली है। भारत-नेपाल सीमा से कोई भारतीय क्षेत्र से जाकर चुनाव में खलल न डाले इसके लिए सीमा पर तैनात दोनों देशों के सुरक्षा बलों ने गश्ती अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को सशस्त्र सीमा बल 42वीं वाहिनी के जवानों के साथ-साथ नेपाली सुरक्षाबलों की संयुक्त गश्ती टोली को गश्त करते देखा गया।
रुपईडीहा सीमा पर बन रहे इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी) व साईगांव तक निरंतर गश्त की जा रही है, ताकि निकाय चुनाव के समय जब बॉर्डर 72 घंटे के लिए बंद हो तो सुरक्षा बलों को गश्ती में किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। बांके पुलिस प्रवक्ता वरिष्ठ पुलिस उपाधीक्षक मधुसूदन न्योपाने ने बताया कि दोनों देशों के सुरक्षाकर्मी संयुक्त गश्ती करेंगे, ताकि चुनाव बिना किसी बाधा के संपन्न हो। उन्होंने बताया कि 65 किलोमीटर खुली सीमा के सभी स्थानों पर गश्त की जाएगी। नेपालगंज की जमुनहा बांके मुख्य चौकी को 72 घंटे के लिए बंद करने का फैसला चुनाव को देखते हुए एक-दो दिन में लिया जाएगा।