नानपारा (बहराइच)। दीपावली पर्व पर मंदिर में पूजा करने के दौरान चोरी करने वाले गैंग को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया। गैंग में महिला समेत छह सदस्य शामिल रहे। पुलिस ने सभी को नामजद करते हुए जेल भेज दिया।
नानपारा कोतवाली क्षेत्र में स्थित जंगलीनाथ मंदिर में दीपावली पर्व पर पूजा हो रही थी। पूजा के दौरान कई श्रद्धालु भी मौजूद रहे। पूजा में कई श्रद्धालुओं के मोबाइल, लॉकेट व नगदी गायब हो गई। सभी ने यह बात पुजारी को बताई। पुजारी ने पूरे प्रकरण की लिखित शिकायत कोतवाली को दी। कोतवाल भानु प्रताप सिंह ने पुजारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाईं।
मुखबिर की सूचना पर कोतवाल ने एसआई भुद्दुर वर्मा को दलबल के साथ इटहा गांव के जंगल में भेजा। टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि कुछ लोग सामान का बंटवारा कर रहे थे। टीम ने घेराबंदी करते हुए सभी को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल ने बताया कि आरोपियों की पहचान पूजा, अनीता, आरती, सोनू, शिवशंकर व नंदलाल के रूप में हुई है। पकड़े गए आरोपियों के पास से 50 हजार नगद, दो मोबाइल व लॉकेट बरामद हुई है। कोतवाल ने बताया कि पकड़े गए लोगों को नामजद करते हुए जेल भेज दिया गया।