शहर के इंदिरा गांधी स्टेडियम में जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रही अंडर 19 क्रिकेट प्रतियोगिता में शुक्रवार को सीतापुर व श्रावस्ती के बीच मैच खेला गया, जिसमें सीतापुर ने श्रावस्ती की टीम को 86 रनों से पराजित किया। इस मौके पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
शहर के इंदिरा गांधी स्टेडियम में उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ के निर्देश पर चल रही जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता की शुरुआत मैच के पर्यवेक्षक व पूर्व रणजी खिलाड़ी विश्वजीत सिन्हा ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर की। इस मौके पर पहले बल्लेबाजी करते हुए सीतापुर की टीम ने निर्धारित 45 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 258 रन बनाए। टीम के खिलाड़ी उत्कर्ष पांडेय ने सर्वाधिक 69 रन, रुद्रवीर गुप्ता ने 55 व अक्षय मिश्रा ने 40 रनों का योगदान किया। अनंतराम ने 38 रन देकर दो विकेट व रिजवान ने 35 रन देकर एक विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रावस्ती की टीम 42.3 ओवर में अपने सभी विकेट खोकर सिर्फ 172 रन बना सकी। टीम के खिलाड़ी अमित कश्यप ने 25, मोहम्मद आरिफ ने 22, अर्चिमान शुक्ला ने 16 व राहुल चौहान ने 23 रनों का योगदान दिया। रुद्रवीर गुप्ता ने 18 रन देकर दो विकेट हासिल किए। जबकि उत्कर्ष पांडेय ने 28 रन देकर दो विकेट झटके अक्षय मिश्रा को 22 रन पर दो विकेट मिले।
वहीं उत्तम वर्मा ने बेहतर गेंदबाजी करते हुए नौ रन देकर दो विकेट हासिल किए। इस मौके पर बेहतर खेल का प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। मैच के दौरान बीसीसीआई पैनल के एपी भानु व सुरेंद्र कनौजिया अंपायर की भूमिका में रहे। जबकि एसके चतुर्वेदी ने स्कोरिंग की। इस मौके पर बहराइच क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव इशरत महमूद, जावेदुर्रहमान लखीमपुर के अभिषेक शुक्ला, क्रीड़ाधिकारी एआर अंसारी आदि मौजूद रहे।