नानपारा थाना में समाधान दिवस में समस्याएं सुनतीं एसडीएम। - स्रोत : विभाग
जरवलरोड। माह के चौथे शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव जरवलरोड थाने पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुछ ऐसी शिकायतें सामने आईं, जिन्हें सुनकर अधिकारी भी हतप्रभ रह गए। एसपी ने सभी मामलों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
शिवपुर के ग्राम पंचायत आमा पोखर निवासी रहीशफुल ने शिकायती पत्र देते हुए बताया की उन्होंने अपने बेटी की शादी में अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया था, परंतु बेटी के ससुरालीजन उससे संतुष्ट नहीं थे। ऐसे में उन्होंने बेटी का उत्पीड़न शुरू कर दिया। विरोध करने पर मारपीट कर भगा दिया अब जीविका का संकट आ गया है। मुकद्दमा पंजीकृत हुआ था परंतु कोई राहत नहीं मिली।
शिवपुर क्षेत्र के ही ग्राम मटेरा कला निवासी कुंती देवी ने शिकायती पत्र देते हुए बताया कि उनकी जमीन को विपक्षियों ने कब्जा कर लिया है। वह उस पर खेती भी नहीं करने दे रहे हैं। विरोध करने पर अश्लील शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी देते हैं।
जरवलरोड थाना क्षेत्र के जतौरा रन्नी निवासी राम किशोर वर्मा ने भी भूमि विवाद का प्रकरण उठाया। उन्होंने कहा, उनके खेत पर गांव के दबंगों ने कब्जा कर रखा है। तहसील स्तर से न्याय न मिलने पर समाधान दिवस अपनी फरियाद करने आएं हैं। इसी प्रकार चकपुरवा निवासी राकेश कुमार, रन्नी निवासी रीना, जरवल निवासी रूबी बानो आदि ने भी भूमि विवाद से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए।
साइबर ठगी के खिलाफ किया जागरूक
नानपारा। एसडीएम नानपारा मोनालिसा जौहरी द्वारा थाना नानपारा पर समाधान दिवस के दौरान क्षेत्र की जनता की जनसमस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना गया। इस दौरान फरियादियों ने भूमि विवाद से लेकर पारिवारिक विवाद तक मामलों में इंसाफ मांगा। इस दौरान साइबर ठगी के खिलाफ लोगों को जागरूक करने का भी भरपूर प्रयास किया गया। इस दौरान राजस्व विभाग के अतिरिक्त अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।