बहराइच। शहर में आज सुबह सात बजे से रात 10 बजे तक 15 घंटे बिजली कटौती की जाएगी। 5 लाख की आबादी को पानी व गर्मी की समस्या से दो-चार होना पड़ेगा। यह कदम पावर कॉर्पोरेशन ने विद्युत उपकेंद्र पर जर्जर स्विच गियरों को बदलने के लिए उठाया है।
पावर कॉर्पोरेशन के अधिशासी अभियंता आरिफ अहमद ने बताया कि शुक्रवार को 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र व डीजल पावर हाउस पर पुराने व जर्जर स्विच को बदलकर नए स्विच लगाए जाएंगे।
इस कार्य के तहत शुक्रवार को सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इस कटौती से शहर के मोहल्ला नव्वागढ़ी, घसियारीपुरा, डिगिहा, हनुमानपुरी कॉलोनी, गुलामअलीपुरा, मंसूरगंज, छोटी तकिया, छावनी, चौक बाजार, ब्राह्मणीपुरा, स्टीलगंज तालाब, हमजापुरा, बख्शीपुरा, दरगाह शरीफ, पलरीबाग, इमामगंज, बारादरी समेत लगभग पूरा शहर प्रभावित होगा।
हालांकि, इनमें ब्राह्मणीपुरा व स्टीलगंज तालाब के कुछ हिस्सों में बिजली की उपलब्धता की बात पावर कॉर्पोरेशन ने कही है।