बिछिया में वन बैरियट के पास अनियंत्रित होकर स्कूल वैन पलटने से घायल बच्चा।
- फोटो : बिछिया में वन बैरियट के पास अनियंत्रित होकर स्कूल वैन पलटने से घायल बच्चा।
बिछिया। कतर्नियाघाट वन क्षेत्र में बिछिया वन बैरियर के पास सोमवार सुबह गणतंत्र दिवस पर बच्चों को स्कूल ले जा रही निजी स्कूल की वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वैन में सवार 11 बच्चों के साथ चालक भी घायल हो गया। एक छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है।
थाना सुजौली के चफरिया स्थित निजी विद्यालय बप्पा जी बालिका विद्यालय की वैन सोमवार सुबह नेपाल सीमा से सटे जनजाति बहुल गांवों बर्दिया, आंबा, विशुनापुर और फकीरपुरी से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान जंगल के बीच बिछिया वन बैरियर के समीप अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।
दुर्घटना में चालक आमिर खान व वैन में सवार बच्चे अनुज (कक्षा 9), सूर्या (कक्षा 8), आदर्श (कक्षा 9), आदर्श (कक्षा 1), सीता (एलकेजी), रियार्थ (नर्सरी), आर्यन (कक्षा 1), रीना (कक्षा 11), साबरीन (कक्षा 2), कृष (नर्सरी) और अख्तर रजा (एलकेजी) घायल हो गए। इनमें सूर्या को गंभीर चोटें आईं। राहगीरों व स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल बच्चों को आनन-फानन पहले निजी चिकित्सक के यहां पहुंचाया गया। बाद में उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुजौली में भर्ती कराया गया। सुजौली थानाध्यक्ष प्रकाश चंद्र शर्मा ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।