बहराइच। सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर जिले भर में कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला प्रशासन, पुलिस विभाग के अलावा सभी राजनैतिक पार्टियों और संस्थाओं ने इस दिन को एकता दिवस के रूप में मनाया। नेताओं और अधिकारियों ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और देश के लिए दिए गए उनके योगदानों को याद किया।
सरदार का बताया रास्ता ही सर्वोत्तम : साकेत
बौंडी (बहराइच)। देश की एकता एवं अखंडता सरदार पटेल के बताए गए रास्ते पर चल कर ही सुनिश्चित किया जा सकता है। हमारा परम कर्तव्य है कि हम अपने कार्यों के द्वारा देश की एकता सुनिश्चित करें। यह उदगार राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शिक्षक संकुल साकेत भूषण तिवारी ने व्यक्त किए। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी के दिशा निर्देशों के अनुसार संकुल क्षेत्र बौंडी के सभी विद्यालयों में मनाई गई। शिक्षकों ने उपस्थित अभिभावकों को देश की एकता एवं अखंडता के महत्व पर प्रकाश डाला। सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के पश्चात सभी शिक्षकों ने उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
कांग्रेस ने इंदिरा गांधी व सरदार पटेल को किया याद
नानपारा (बहराइच)। नगर कांग्रेस कमेटी नानपारा के तत्वाधान में देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि तथा सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर नगर कांग्रेस कमेटी नानपारा की ओर से दोनों नेताओं को श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। नगर अध्यक्ष शफीक कुरैशी ने कहा कि इंदिरा गांधी की बदौलत बांग्लादेश विश्व के मानचित्र पर आया। वह अदम्य साहस की प्रतिमूर्ति थीं। वहीं सरदार पटेल ने हैदराबाद, जम्मू-कश्मीर को अखंड भारत में लेकर देश को एक बनाने में अहम भूमिका निभाई। महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष खैरुन्निसा ने कहा कि इंदिरा जी ने अपने जीवन के अंतिम समय तक भारत की एकता और अखंडता को बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। श्रम प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री जिम्मेदार अंसारी ने कहा इंदिरा जी के नेतृत्व में भारत विश्व में एक अलग पहचान थी। कार्यक्रम में पंडित रमाकांत तिवारी, भोला कुरेशी, अखलाक अहमद, नदीम चौधरी, नसीम बाबा आदि उपस्थित रहे।
बाढ़ पीड़ित बच्चों के साथ मनाई जयंती
बौंडी (बहराइच)। यहां पर जनसत्ता पार्टी लोकतांत्रिक के कार्यकर्ताओं द्वारा लौह पुरुष की जयंती के साथ-साथ जनसत्ता दल लोकतांत्रिक का 52वां जन्मदिन भी मनाया गया। इस दौरान गोलागंज मंदिर प्रांगण में आराधना सिंह (एडवोकेट) जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा व देवानंद सिंह जिलाध्यक्ष /मंडल प्रभारी देवीपाटन, ने बाढ़ पीड़ित बच्चों के साथ जयंती मनाई। इस मौके पर डॉ. जितेंद्र सिंह, गुलाब सिंह, राजेश मौर्य, मल्लहू सिंह, सूर्यकांत ओझा आदि उपस्थित रहे । (संवाद)
एक देश पटेल जी ने ही बनाया : सपा
बहराइच। समाजवादी पार्टी की ओर से लौह पुरुष की जयंती के उपलक्ष्य में बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राकेश कुमार वर्मा ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार ने पेट्रोल, डीजल के दाम बढ़ा दिए हैं। नौजवान-किसान जब मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर लेकर जाता है, तो वह 100 रुपये का पेट्रोल भरवाता है और 500 का चालान कटवाता है। सपा जिलाध्यक्ष रामहर्ष यादव ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के प्रयासों से ही भारत बिखरने से बचा। इस अवसर पर विधायक जैदपुर गौरव रावत, पूर्व विधायक केके ओझा, रमेश गौतम, रामजी यादव पयागपुर, जिला उपाध्यक्ष देवेश चन्द्र मिश्रा, सुंदर लाल बाजपेयी सहित तमाम पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। (संवाद)
डीएम ने दिलाई शपथ
सरदार वल्लभ भाई पटेल जयंती पर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कार्यक्रम आयोजित कर उनकी प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस मौके पर उन्होंने अधिकारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी मनोज ने मुख्य राजस्व अधिकारी अवधेश कुमार मिश्र, डिप्टी कलेक्टर राकेश कुमार मौर्य, प्रशिक्षु पीसीएस अमन देओल सहित अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ सरदार बल्लभ भाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रृद्धासुमन अर्पित किये।
सूचना विभाग ने लगाई, प्रदर्शनी
कलेक्ट्रेट परिसर स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भवन में सूचना एवं जन संपर्क विभाग द्वारा अनेकता में एकता विषय पर चित्र प्रदर्शनी लगाई गई। इस अवसर पर सेनानी भवन में आयोजित विचार गोष्ठी में चहलारी नरेश के उत्तराधिकारी आदित्य भानसिंह, अधिवक्ता अनिल त्रिपाठी, सुधाकर कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला।