नानपारा (बहराइच)। जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते अमृत पेयजल योजना 2.0 नगरवासियों के लिए जी का जंजाल बन गई है। जलापूर्ति के लिए ठेकेदारों ने इंटरलॉकिंग व सड़कों को खोदकर पाइप तो डाल दिया है, लेकिन मार्गों को दुरुस्त करवाना भूल गए। आलम यह है, कि खोदाई के चलते कई मोहल्लों में पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। यही नहीं, इंटरलॉकिंग खोदने व इंटरलॉकिंग की ईंटें रास्ते पर रखी होने से वाहनों का आवागमन बंद हो गया है। इससे मोहल्लेवासियों में भारी आक्रोश है। सबसे ज्यादा परेशानी छोटे बच्चों व बुजुर्गों को हो रही है, जो जर्जर मार्ग के चलते चोटिल हो रहे हैं।
सीन-1, बेलदारन टोला
संकरे रास्तों पर सिर्फ ईंटें
नगर पालिका परिषद के मोहल्ला बेलदारन टोला में ठेकेदारों ने संकरे रास्तों को खोदकर पाइप डाली है। लेकिन खोदाई के समय निकाली गईं ईंटें को रास्तों पर ही छोड़ दिया गया है। इससे रास्ता लगभग बंद हो गया है और पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
सीन-2, स्टेशन रोड
गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे राहगीर
नानपारा के व्यस्ततम मार्गों में शामिल स्टेशन रोड मार्ग को भी दुरुस्त करना ठेकेदारों ने मुनासिब नहीं समझा। पाइप डालने के लिए सड़क की पटरी को खोद डाला है, जो अब गड्ढों में तब्दील हो गई है। वहीं, इसमें पानी भर गया है। इससे रात व कोहरे के समय बाइक व साइकिल सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
सीन- 03, जुबलीगंज
मिट्टी डालकर छोड़ा, धंस गई सड़क
नगर के जुबलीगंज मोहल्ले की स्थित और भी खराब है। ठेकेदारों ने यहां पाइप डालने के लिए इंटरलॉकिंग सड़क को बीच से खोद डाला है और उसे मिट्टी डालकर पाट दिया है। वहीं ईंटों को साइड में लगा दिया है। इससे वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। आलम यह है कि सड़क धंसने से ई रिक्शे पलट रहे हैं।
सीन- 04, तोपखाना
गड्ढों को पाटना भूले
तोपखाना मोहल्ले में तो ठेकेदारों ने लापरवाही की हद पार कर दी है। सड़क खोदने के बाद गड्ढों को पाटना ही भूल गए हैं। इससे रात के समय राहगीर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ के पैरों व सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
जल निगम द्वारा पाइपलाइन बिछाने के दौरान मार्गों को जर्जर करने की बात संज्ञान में आई है। टेंडर में इंटरलॉकिंग को पूर्व की भांति सही करने का नियम है। नगर पालिका परिषद की ओर से तीन सदस्यीय टीम बनाकर मंदिर, मस्जिद व मांगलिक कार्यक्रम वाले स्थलों को सही करवाया जा रहा है। जल निगम के जिम्मेदारों से पत्राचार किया जाएगा।
- अब्दुल वहीद, नगर पालिका अध्यक्ष नानपारा