बहराइच। शहर के मोहल्ला बख्शीपुरा नईबस्ती में व्याप्त जलभराव की समस्या को लेकर सोमवार को मोहल्लावासियों का गुस्सा फूटा। लोगों ने पहाड़ापक्कड़ मार्ग पर रस्सी बांध कर जाम कर दिया और एक निजी विद्यालय के सामने धरने पर बैठ गए।
धरने की सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर टीम के साथ मौके पर पहुंची और जलभराव खत्म कराया। इसके बाद प्रदर्शन कर रहे लोग शांत हुए।
प्रदर्शन कर रहे ऋषभ त्रिपाठी ने बताया कि मोहल्ला बक्शीपुरा नईबस्ती और चांदमारी में सड़क पर घुटनों तक पानी भरा है। इससे मोहल्ले वासी नारकीय जीवन जी रहे हैं और छात्र-छात्राओं को पानी के बीच से स्कूल जाना पड़ रहा है। कई बार नगर पालिका परिषद में इसकी शिकायत की गई, लेकिन समस्या का हल नहीं हुआ। इसके बाद लोगों ने मार्ग जामकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में शामिल डाॅ. राजेश शर्मा ने बताया कि जलभराव से 25 से 30 हजार की आबादी प्रभावित है। सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट, ईओ नगर पालिका प्रमिता सिंह के साथ मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। साथ ही जलभराव खत्म करवाकर नाली निर्माण का भरोसा दिया।
धरना प्रदर्शन में संतोष त्रिपाठी, रवींद्र दूबे, भानु द्विवेदी, केदारनाथ मिश्रा, सुनील मिश्रा, जेपी दूबे, रवि कुमार, दिनेश तिवारी, हरि नारायण शुक्ल, विवेक तिवारी, अरविंद तिवारी, आदि शामिल रहे।